logo

रेल ट्रैक पर रील बना रही थी 19 साल की लड़की, ट्रेन आई और दोनों हाथ कट गए; हालत नाजुक

GR0025.jpg

गढ़वा:

गढ़वा जिले में रेलवे ट्रैक पर रील बनाना एक युवती को भारी पड़ गया। दोस्तों के साथ रेलवे ट्रैक पर रील बना रही 19 वर्षीय युवती ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में उसके दोनों हाथ कट गए, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर हालत में युवती को सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। युवती का नाम पूर्णिमा कुमारी बताया गया है, जो गढ़वा शहर के अशोक बिहार मोहल्ला निवासी धीरज सिंह की बेटी है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को पूर्णिमा अपने कुछ दोस्तों के साथ गढ़वा थाना क्षेत्र के जोबरइया गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर रील बना रही थी। रील बनाने के दौरान युवती का ध्यान ट्रैक पर आ रही ट्रेन की ओर नहीं गया। इसी दौरान रांची-चोपन ट्रेन की चपेट में वह आ गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेन की चपेट में आने से उसके दोनों हाथ कट गए और वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई। 

सदर से रेफर कर दिया गया

दोस्तों ने आनन-फानन में घायल पूर्णिमा को गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी सदर अस्पताल पहुंचे। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक और आसपास रील बनाने के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


 

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HH6GR1oBwB77Vy5eBcnoFo

Tags - Garhwa Railway Track Reel Making Train Accident Jharkhand